बॉलीवुड संगीतकार व गायक वाजिद खान का सोमवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने 1998 में सलमान की सुपरहिट फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या से’ अपनी शुरुआत की थी। सुपरस्टार सलमान खान ने उनके निधन पर सोशल मीडिया पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि वो हमेशा उनके टैलेंट को याद करेंगे।
सलमान खान ने लिखा, ‘वाजिद.. हमेशा आपको प्यार और सम्मान देते रहेंगे। मैं आपको नेक इंसान के तौर पर और आपके टैलेंट के लिए बहुत याद करूंगा। लव यू.. आपकी आत्मा को शांति मिले।’
Wajid Vil always love, respect, remember n miss u as a person n ur talent, Love u n may your beautiful soul rest in peace …
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) June 1, 2020
साजिद-वाजिद ने हाल ही में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के बीच बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के लिए गाने तैयार किए, जिनमें से एक ‘प्यार करोना’ था। सभी लोगों को कोरोनावायरस महामारी से लड़ने के लिए प्रेरित करने को लेकर यह पॉप एंथम (गाना) बनाया गया था। अप्रैल में रिलीज हुए इस गाने को सलमान ने गाया है।
संगीतकारों की जोड़ी ने हाल ही में सलमान के ईद विशेष गीत ‘भाई-भाई’ की रचना भी की थी। इसमें सांप्रदायिक सद्भाव की बात की गई है। साजिद-वाजिद अक्सर सलमान खान के लिए कम्पोजर के रूप में सहयोग करते रहे हैं।
वाजिद का दिल का दौरा पड़ने से चेंबूर के सुराणा अस्पताल में निधन हुआ। बताया जा रहा है कि वो कोरोना वायरस भी पाए गए थे। उन्हें दिल की बीमारी भी थी। वहीं, किडनी की गंभीर समस्या की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शाम को उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। वाजिद वेंटिलेटर पर थे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)